
- डॉ अरुण कुमार मयंक –
बिहारशरीफ डेस्क। अल्लामा इकबाल कॉलेज, बिहारशरीफ का परिसर उस समय भावुक क्षणों का साक्षी बना जब वानस्पतिक विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रदीप कुमार के सेवानिवृत्त होने पर कॉलेज परिवार की ओर से भव्य विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षकों, कर्मियों और शुभचिंतकों की बड़ी उपस्थिति रही, जिससे यह स्पष्ट झलका कि डॉ. प्रदीप कुमार ने अपने सेवा काल में सभी के हृदय में विशेष स्थान बनाया है। इस अवसर पर डॉ. प्रदीप कुमार की धर्मपत्नी डॉ. प्रो. सुधा कुमारी को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया। उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मियों ने उन्हें फूल-मालाओं और उपहारों के साथ सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन लोक प्रशासन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. जितेन्द्र कुमार सिंह ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. प्रदीप कुमार का विचार, आचरण और सादगीपूर्ण व्यक्तित्व ही उनकी सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि अल्लामा इकबाल कॉलेज में वानस्पतिक विज्ञान विषय छात्रों की पहली पसंद बना हुआ है और विभाग ने निरंतर प्रगति की है।
समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने डॉ. प्रदीप कुमार के दीर्घ शिक्षण अनुभव, अनुशासनप्रियता और छात्रों के प्रति समर्पण की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। डॉ. शाहीना खातून, प्रो. इन्द्रमणी कुमार, प्रो. राजेश राजन, डॉ. प्रो. सच्चिदानंद प्रसाद, डॉ. सूर्यदेव चन्द्रपाल, डॉ. पारसनाथ सहित अन्य शिक्षकों एवं कर्मियों ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. प्रदीप कुमार ने न केवल विद्यार्थियों को विषयगत ज्ञान दिया, बल्कि उन्हें जीवन मूल्यों और नैतिकता की भी सीख दी। वक्ताओं ने कहा कि कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ करने में डॉ. प्रदीप कुमार की भूमिका अविस्मरणीय रही है। उनके मार्गदर्शन में अनेक छात्र उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़े, जो कॉलेज के लिए गर्व की बात है।
अपने सम्मान से अभिभूत डॉ. प्रदीप कुमार ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका जुड़ाव शिक्षा और अल्लामा इकबाल कॉलेज से बना रहेगा। उन्होंने कॉलेज परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए जीवनभर की प्रेरणा रहेगा।
कार्यक्रम के समापन के उपरांत सभी उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं कर्मियों ने सामूहिक भोज में भाग लिया। आत्मीय वातावरण और सम्मानपूर्ण विदाई के साथ समारोह संपन्न हुआ, जो लंबे समय तक याद किया जाएगा।
