- अरुणेश चन्द्र की रिपोर्ट–
नई दिल्ली डेस्क। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आज कांग्रेस की बहुप्रतीक्षित ‘वोट-चोर गद्दी छोड़’ महारैली का आयोजन किया जा रहा है। रैली दोपहर 12:30 बजे से शुरू होगी। देशभर के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
दो मंच, एक संदेश:
महारैली के लिए दो भव्य मंच तैयार किए गए हैं। मुख्य मंच पर राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी सहित कांग्रेस के कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। मंच के सामने वरिष्ठ नेताओं के बैठने की व्यवस्था है। पीछे विशाल पंडाल में जनता और कार्यकर्ताओं के लिए स्थान निर्धारित किया गया है।
वोट-चोरी के खिलाफ निर्णायक लड़ाई: सरफ़राज़ मल्लिक
नालंदा जिला कांग्रेस लीगल सेल के अध्यक्ष मो. सरफराज मल्लिक ने कहा कि यह रैली लोकतंत्र बचाने की निर्णायक लड़ाई है। उन्होंने बताया कि वोट-चोर गद्दी छोड़ अभियान के तहत देशभर में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इसमें 5 करोड़ से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर कर समर्थन दिया।
दिल्ली से ही करीब 4 लाख हस्ताक्षर अभियान के तहत जमा किए गए।
भाजपा की साजिश के खिलाफ हुंकार: सुनील सिन्हा
बिहार प्रदेश कांग्रेस विधि एवं मानवाधिकार विभाग के उपाध्यक्ष सुनील कुमार सिन्हा ने कहा कि भाजपा सत्ता हथियाने के लिए वोट काटने और संस्थाओं को प्रभावित करने का खेल खेल रही है।
कांग्रेस इस साजिश को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी। यह रैली देश को साफ संदेश देगी— वोट चोरी बर्दाश्त नहीं।
एक महीने से चल रही थी तैयारी:
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने रैली की तैयारियां एक माह पहले शुरू कर दी थीं। दिल्ली कांग्रेस के 14 जिला अध्यक्ष और 250 से अधिक ब्लॉक अध्यक्ष आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने स्थानीय नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
रामलीला मैदान छावनी में तब्दील:
रैली को देखते हुए रामलीला मैदान के चारों ओर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मैदान और आसपास का इलाका बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स से पटा हुआ है। कांग्रेस के बड़े-बड़े कटआउट लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।
लोकतंत्र की आवाज बनेगी महारैली: राजीव मुन्ना
बिहार प्रदेश किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष राजीव कुमार मुन्ना का दावा है कि यह रैली केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का जन-आंदोलन है। रामलीला मैदान से उठने वाली यह आवाज देशभर में वोट-चोरी के खिलाफ निर्णायक माहौल बनाएगी।
