- पंचमुखी न्यूज़ –
बिहारशरीफ डेस्क। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के मौके पर नालंदा कांग्रेस के नेताओं ने पत्रकारों की भूमिका और जिम्मेदारी पर बड़ा संदेश दिया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक अनील सिंह ने कहा- “स्वतंत्र और जिम्मेदार प्रेस लोकतंत्र की आत्मा है।” उन्होंने याद दिलाया कि 16 नवंबर को देश में राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जाता है, जो मीडिया की स्वतंत्र आवाज़ और उसकी निष्पक्ष भूमिका को सम्मान देता है। अनील सिंह ने कहा- लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के नाते मीडिया जनमत बनाता है, विकास को गति देता है और सत्ता को जवाबदेह बनाता है।
बिहार प्रदेश किसान कांग्रेस के उपाध्यक्ष राजीव कुमार मुन्ना ने प्रेस परिषद की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा- “1966 से प्रेस परिषद एक स्वतंत्र प्रहरी की तरह काम कर रही है। इसका उद्देश्य पत्रकारिता के उच्च मानकों की रक्षा करना और प्रेस को बाहरी दबावों से बचाना है।” इस वर्ष प्रेस दिवस की थीम है- ‘बढ़ती गलत सूचनाओं के बीच प्रेस की विश्वसनीयता को सुरक्षित रखना।’ मुन्ना ने कहा- डिजिटल दौर में फेक न्यूज की बाढ़ ने पत्रकारिता की सटीकता, जिम्मेदारी और ईमानदारी की परीक्षा ले ली है।
नालंदा जिला कांग्रेस लीगल सेल के अध्यक्ष मो. सरफराज मल्लिक ने बताया कि यह दिवस भारतीय प्रेस परिषद की स्थापना से जुड़ा है। उन्होंने कहा- “16 नवंबर 1966 को परिषद ने काम शुरू किया था। तब से यह दिवस पत्रकारिता की स्वतंत्रता और विश्वसनीयता का प्रतीक है।”
इस मौके पर कांग्रेस नेताओं मो. हैदर आलम, दीपक कुमार, संजय कुमार पासवान, अजीत कुमार, अजय कुमार पाण्डेय, रमेश कुमार, किशोर कुमार, दिलीप मंडल, अखिलेश कुशवाहा और असगर भारती ने भी प्रेस दिवस की महत्ता पर विस्तृत विचार रखे। सभी नेताओं ने पत्रकारों को उनके कर्तव्यों की याद दिलाते हुए कहा- “मीडिया की विश्वसनीयता ही उसकी सबसे बड़ी पूंजी है।”
