
बिहार के मुजफ्फरपुर में विशेष निगरानी इकाई ने राजस्व विभाग के कर्मचारी को घूस लेते गिरफ्तार किया है। कर्मचारी ने जमीन से जुड़े कागजात को लेकर एक लाख रुपये मांगे थे। 20 हज़ार में बात बनी थी।
– पंचमुखी न्यूज़ –
पटना स्टेट डेस्क। बिहार के मुजफ्फरपुर में निगरानी विभाग की कार्रवाई ने राजस्व विभाग के कर्मियों के होश उड़ा दिए हैं। विशेष छापामारी टीम ने ठीक विश्वकर्मा पूजा के दिन साहेबगंज अंचल क्षेत्र से राजस्व विभाग के कर्मचारी रवि कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
राजस्व महाभियान के कैम्प में घूस की मांग: जानकारी के अनुसार, साहेबगंज नगर परिषद क्षेत्र के बैद्यनाथपुर पंचायत भवन में राजस्व कैम्प चल रहा था। इसी दौरान SVU (Special Vigilance Unit) को शिकायत मिली कि जमीन से जुड़े कागजात और प्रक्रियाओं को निपटाने के लिए संबंधित कर्मचारी रिश्वत की मांग कर रहा है।

घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार: शिकायत की पुष्टि होते ही निगरानी टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही राजस्व कर्मचारी ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये लिए मौके पर ही टीम ने उसे पकड़ लिया। SVU की अचानक की गई इस कार्रवाई से कैंप परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया।
लंबे समय से चल रहा था खेल: घटना के बाद निगरानी टीम आरोपी को हिरासत में लेकर सीधे पटना रवाना हो गई। यहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से जमीन संबंधी कार्यों में घूसखोरी का खेल चल रहा था।
निगरानी को मिली थी शिकायत: निगरानी विभाग के डीएसपी सत्यम कुमार ने बताया कि नवीन कुमार सिंह हमारे परिवादी है। उनका आवेदन 15 सितंबर को प्राप्त हुआ था। इसका सत्यापन 16 सितम्बर को किया गया था। आवेदन में दी गई बातें सत्य पायी गई। और विश्वकर्मा पूजा के दिन राजस्व कर्मचारियों की गिरफ़्तारी की गई।
“बैद्यनाथपुर में 20 हजार रुपए घुस लेते राजस्व कर्मचारी रवि कुमार को पकड़ा गया है। राजस्व कर्मचारी ने एक लाख रूपये की डिमांड परिवादी से किया था, लेकिन 20 हजार पर बात बनी थी। रुपये लेते रंगे हाथ पकड़ा गया है। आगे की कार्रवाई की जाएगी।” – डीएसपी सत्यम कुमार, निगरानी विभाग
