
- डॉ अरुण कुमार मयंक –
पटना, स्टेट डेस्क। बिहार की राजनीति में बड़ा सियासी संकेत मिल गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने आखिरकार सक्रिय राजनीति में कदम रख दिया है। जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी ठाकुर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें पार्टी की सक्रिय सदस्यता दिलाई गई। इस मौके पर जेडीयू के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे, लेकिन दिलचस्प बात यह रही कि खुद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस समारोह में मौजूद नहीं थे।
हालांकि बाद में निशांत कुमार ने जाकर अपने पिता से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। अब राजनीतिक गलियारों में सबसे बड़ा सवाल यही है कि जेडीयू में उनकी असली भूमिका क्या होगी — संगठन की कमान या सरकार में बड़ी जिम्मेदारी?
‘युवा चेहरा’ बनकर उभरे निशांत:
जेडीयू नेतृत्व का मानना है कि बिहार की युवा आबादी को ध्यान में रखते हुए पार्टी को नए चेहरे की जरूरत है। ऐसे में निशांत कुमार की एंट्री को जेडीयू के लिए नई राजनीतिक शुरुआत माना जा रहा है।
सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार ने कहा कि वे पार्टी और कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं के अनुसार पूरी ईमानदारी से जिम्मेदारी निभाएंगे।
विरासत संभालने की तैयारी:
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक निशांत कुमार को केवल सदस्य बनाकर नहीं छोड़ा जाएगा, बल्कि उन्हें धीरे-धीरे पार्टी की विरासत संभालने के लिए तैयार किया जाएगा। इसके लिए पूरे बिहार में कार्यकर्ताओं से संवाद और जनसंपर्क यात्रा की भी योजना बनाई जा सकती है।
वरिष्ठ पत्रकार केके लाल का मानना है कि जेडीयू को एकजुट रखने और मतदाताओं को जोड़कर रखने के लिए निशांत का चेहरा अहम साबित हो सकता है।
संगठन या सरकार—कहाँ मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी?
सियासी हलकों में दो बड़ी संभावनाओं पर चर्चा तेज है।
भविष्य में जेडीयू के कार्यकारी या राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी
या फिर सरकार बनने की स्थिति में उपमुख्यमंत्री पद
कहा जा रहा है कि पहले उन्हें संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत किया जाएगा, उसके बाद कोई बड़ा पद दिया जा सकता है।
“नीतीश युग के बाद निशांत युग”:
जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष वर्मा ने भी साफ संकेत दिया कि पार्टी अब नए दौर में प्रवेश कर रही है। उनके मुताबिक, युवा नेता के तौर पर निशांत कुमार पार्टी को आगे बढ़ाएंगे और नीतीश कुमार की विचारधारा को आगे ले जाएंगे।
विपक्ष-सहयोगी दोनों की नजर:
दिलचस्प बात यह है कि एनडीए के सहयोगी दलों ने भी निशांत की एंट्री का स्वागत किया है। भाजपा नेता और उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पार्टी ने जिस भरोसे के साथ उन्हें आगे बढ़ाया है, वे उस पर जरूर खरे उतरेंगे।
बड़ा सवाल अभी बाकी
फिलहाल जेडीयू में नई राजनीतिक पटकथा लिखने की शुरुआत हो चुकी है। लेकिन असली फैसला अभी बाकी है — क्या निशांत कुमार पार्टी के ‘नए कप्तान’ बनेंगे या बिहार की सत्ता में सीधे ‘डिप्टी CM’ की कुर्सी संभालेंगे? बिहार की राजनीति अब इस नए अध्याय की ओर टकटकी लगाए देख रही है।
