
– पंचमुखी न्यूज –
बिहारशरीफ डेस्क। बिहारशरीफ प्रखंड के उर्दू प्राथमिक विद्यालय महुआ टोला में सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस ससमारोह मनाया गया। इस अवसर पर बिहारशरीफ के केआरपी सुरंजन कुमारी ने कहा कि आज महिला साक्षर होकर कई तरह का सरकारी लाभ उठा रही है। बैंक का संचालन, अपने घर का हिसाब एवं अपने पति के कारोबार में हाथ बंटा कर अपने गृहस्थी को सुदृढ़ बना रही है।
प्रधानाध्यापक आभा अनमोल ने कहा कि आज महिला साक्षर एवं शिक्षित होकर बिहार के अंदर में कई तरह की नौकरी कर रही है। डॉक्टर, शिक्षिका, पुलिस, पदाधिकारी बन कर देश में अपना नाम कमा रही है। उन्होंने कहा कि एक महिला के शिक्षित होने पर एक परिवार आगे बढ़ता है। इसलिए लोगों को शिक्षित होने का आह्वान किया।
शिक्षा सेविका शाहिना कैश ने कहा कि इस इलाके में वर्ष 2010 से साक्षरता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके चलते सैकड़ों महिला साक्षर होकर सरकारी योजनाओं में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि आज घरेलू महिलाएं घर से बाहर जा कर शिक्षित होकर अपने बच्चों के स्कूल के कार्यों में भी सहयोग कर शिक्षित करने में लगे हैं। समारोह में शिक्षिका बबीता कुमारी, उषा कुमारी, मोहम्मद मुअज्जम, आरजू खातून, तराना बेगम सहित दर्जनों महिलाएं उपस्थित थीं।
