
– पंचमुखी न्यूज़ –
पटना डेस्क। परमवीर अब्दुल हमीद 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के एक अद्वितीय भारतीय सैनिक थे। इन्होंने खेमकरण सेक्टर के आसल उत्ताड़ में बहादुरी दिखाते हुए आठ पाकिस्तानी पैटन टैंक नष्ट किए थे। और नौवें टैंक को नष्ट करने का प्रयास करते समय वीरगति प्राप्त की थी। इनकी असाधारण वीरता के लिए इन्हें मरणोपरांत भारत का सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र प्रदान किया गया था। उन्हें देश के यौद्ध-कौशल में ‘टैंक विध्वंसक’ (Tank Destroyer) के नाम से भी जाना जाता है।
परमवीर अब्दुल हमीद का 60वां बलिदान दिवस आगामी 10 सितंबर है। विगत वर्षों की भांति बिहारशरीफ के कर्पूरी भवन (टाउन हॉल) में पूर्वाह्न 11 बजे से यह शहादत दिवस ससमारोह मनाया जायेगा। इसका आयोजन असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस, कांग्रेस विधि, मानवाधिकार एवं आरटीआई विभाग तथा वीर अब्दुल हमीद विचार मंच नालंदा के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। यह जानकारी कांग्रेस लीगल सेल के जिलाध्यक्ष मो. सरफराज मल्लिक तथा वीर अब्दुल हमीद विचार मंच के अध्यक्ष असगर भारती ने “पंचमुखी न्यूज़” को संयुक्त रूप से दी।
इन दोनों ने बताया कि समारोह में मुख्य अतिथि कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नरेश प्रसाद अकेला तथा विशिष्ट अतिथि बिहार सरकार के अपर महाधिवक्ता मो. खुर्शीद आलम होंगे। कांग्रेस विधि व मानवाधिकार विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार सिन्हा, किसान कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव कुमार मुन्ना एवं प्रदेश प्रतिनिधि हैदर आलम अन्य अतिथियों में शुमार हैं। इस समारोह को सफल बनाने के लिए आयोजक संगठनों के कार्यकर्ता जी-जान से जुटे हुए हैं तथा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।
