नालंदा में पूर्व केन्द्रीय मंत्री का बड़ा बयान: पीएम की मां को अपशब्द देश की जनता कतई नहीं करेगी बर्दाश्त! कौन हैं यह मंत्री, पढ़िए पूरी खबर…

बिहारशरीफ डेस्क। पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने रविवार को बिहारशरीफ की प्रेसवार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता के संदर्भ में की गई अभद्र टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई तथा कहा कि देश की जनता इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।उन्होंने कहा कि –”प्रधानमंत्री की माता पर अभद्र और असंवेदनशील शब्द कहना केवल एक परिवार का अपमान नहीं है, बल्कि यह पूरे देश की संस्कृति और मातृत्व की गरिमा पर हमला है। भारत की जनता इसे कभी भी स्वीकार नहीं करेगी।” यादव ने स्पष्ट किया कि राजनीति विचारों के आधार पर होनी चाहिए, लेकिन व्यक्तिगत जीवन और माता-पिता जैसे पवित्र रिश्तों पर टिप्पणी करना लोकतंत्र की मर्यादाओं को ठेस पहुँचाना है।

वोट चोरी का मुद्दा भी उठाया: प्रेस वार्ता में मंत्री ने बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि –”बिहार में जनता के वोट की चोरी कर जनादेश का अपमान किया जा रहा है। लोकतंत्र में जनता के फैसले का सम्मान होना चाहिए, लेकिन विपक्ष बार-बार जनादेश को नकारने की कोशिश कर रहा है।” यादव ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा विकास की राजनीति के जरिए देश और बिहार को नई ऊँचाइयों पर ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में जनता हर साजिश और अपमान का करारा जवाब अपने वोट से देगी।

इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. सुनील कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार, जिला उपाध्यक्ष सुधीर कुमार, शैलेंद्र गुप्ता, अरविंद पटेल,डॉ. आशुतोष कुमार, धीरेंद्र कुमार, मीडिया सह प्रभारी अमरेश कुमार, प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद कुमार सिंह, मणिकांत पासवान, रीना कुमारी, राजेश्वर प्रसाद सिंह, धर्मेंद्र कुमार व विकास कुमार आदि थे।

अंत में रामकृपाल यादव ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे मर्यादित भाषा का प्रयोग करें और जनता के असली मुद्दों – विकास, शिक्षा, रोजगार और किसान हित – पर ध्यान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!