सीएम ने पूर्व विधायक राजीव रंजन की प्रथम पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, नीतीश ने परिजनों से साझा की यादें, पुत्र ने पिता के अधूरे कार्यों को पूरा करने का लिया संकल्प

  • डॉ अरुण कुमार मयंक –
    बिहारशरीफ डेस्क। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को अपने गृह जिला नालंदा गए। उन्होंने एकंगरसराय में इस्लामपुर के पूर्व विधायक राजीब रंजन की प्रथम पुण्य तिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया। राजनैतिक विरासत से लबरेज राजीब रंजन जदयू के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव, राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं इस्लामपुर के विधायक थे। इनके पुत्र रुहैल रंजन ने पिता की स्मृति में एकंगरसराय कोल्ड स्टोरेज में एक विशाल श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया।

इस गरिमामयी अवसर पर स्वयं मुख्यमंत्री ने दिवंगत के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को भावुक स्वर में याद किया। उन्होंने परिजनों यथा पत्नी मंजू सिंहा, पुत्र रूहैल रंजन एवं पुत्रवधू अर्पणा राठी से आत्मीय मुलाकात कर पुरानी स्मृतियों को साझा किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, “राजीव रंजन जी मेरे अभिन्न मित्र थे। हमने वर्षों साथ काम किया। वे जितने कुशल संगठनकर्ता थे, उतने ही संवेदनशील जनसेवक भी। उनका जाना मेरे लिए निजी क्षति है।”

राज्य के कई दिग्गज नेता रहे उपस्थित:
इस श्रद्धांजलि सभा में बिहार सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक एवं पूर्व मंत्रीगण शामिल हुए। इनमें प्रमुख रूप से काबीना मंत्री विजय कुमार चौधरी, जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, नालंदा के सांसद कौशलेंद्र कुमार, झारखंड से जदयू विधायक सरयू राय, पूर्व मंत्री शिवानंद तिवारी, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव सह विधान पार्षद अशफाक अहमद, विधान पार्षद रीना यादव, जदयू नेता ई. सुनील कुमार, अस्थावां विधायक डॉ. जितेंद्र कुमार, राजगीर विधायक कौशल किशोर, हिलसा विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया और पूर्व विधान पार्षद राजू यादव की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

रूहैल रंजन ने पिता के सपनों को पूरा करने का लिया संकल्प:
श्रद्धांजलि सभा में राजीव रंजन के पुत्र रूहैल रंजन ने मंच से संबोधित करते हुए कहा, “मेरे पिता का सपना था कि समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही हो। एक समतामूलक और न्यायपूर्ण व्यवस्था स्थापित हो। मैं उनके अधूरे सपनों को आगे बढ़ाने हेतु सतत प्रयत्नशील रहूंगा।” उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे सभी राजनीतिक प्रतिनिधियों, समर्थकों, शुभचिंतकों और आम जनों के प्रति आभार जताया।

बीस हजार से अधिक लोगों ने ग्रहण किया प्रसाद:
श्रद्धांजलि सभा के उपरांत श्रद्धा और सेवा भाव से युक्त भोजन रूपी प्रसाद का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बीस हजार से अधिक लोगों ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया। यह आयोजन न केवल संख्या के लिहाज से भव्य था, बल्कि पूरे संयोजन में अनुशासन, सौहार्द और श्रद्धा की झलक स्पष्ट दिखी। पंक्तिबद्ध होकर हजारों लोगों ने शांति से भोजन किया।

सुरक्षा और व्यवस्था में प्रशासन रहा सक्रिय:
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन की ओर से विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। जिलाधिकारी कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी की देखरेख में विधि व्यवस्था चुस्त रही। हिलसा के अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार पटेल, पुलिस उपाधीक्षक गोपाल कृष्ण, बीडीओ प्रशांत कुमार, अंचलाधिकारी विवेक कुमार सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी प्रणव कुमार, राजस्व पदाधिकारी आयुष कुमार, पुलिस निरीक्षक श्रीकांत कुमार तथा थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार झा पूरे कार्यक्रम के दौरान मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का अनुशासित संचालन करते रहे।

श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा जनसैलाब:
कार्यक्रम में नालंदा जिले के कोने-कोने से ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य से हजारों की संख्या में आम नागरिक, समाजसेवी, महिलाएं, युवा, किसान, व्यापारी, बुद्धिजीवी एवं रूहैल रंजन के समर्थक शामिल हुए। भक्ति गीतों, सादगीपूर्ण मंच सज्जा और भावपूर्ण वातावरण ने श्रद्धांजलि सभा को एक आत्मीय और गरिमामयी स्वरूप दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!