नालंदा में एनसीपी अध्यक्ष सूर्यकांत सिंह बोले: बिहार की सभी 243 सीटों पर पार्टी विधानसभा चुनाव लड़ेगी तथा सूबे में नया राजनीतिक विकल्प पेश करेगी

-पंचमुखी न्यूज़-
बिहारशरीफ डेस्क। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में सूबे की सभी 243 सीटों पर अपने उम्मीदवारों को चुनाव लड़ाएगी तथा इस बार प्रदेश में नया राजनीतिक विकल्प बनने जा रही है। एनसीपी के प्रदेश अध्यक्ष सूर्यकांत कुमार सिंह ने रविवार को बिहारशरीफ में उक्त घोषणा की।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है। एनसीपी किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी और पूरे राज्य में अकेले अपने दम पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी।सूर्यकांत सिंह ने कहा कि यदि राज्य में एनसीपी की सरकार बनती है तो वह तीन बड़े काम करेगी। पहला, बिहार के सभी निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की फीस सरकार वहन करेगी। दूसरा, राज्य के सभी बेरोजगार युवाओं को प्रतिमाह ₹10,000 का बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। तीसरा, सभी सरकारी पदाधिकारियों और नेताओं के बच्चों को अनिवार्य रूप से सरकारी विद्यालयों में ही पढ़ना होगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है और एनसीपी के विचारों व नीतियों से प्रभावित होकर उसे भरपूर समर्थन देगी। उन्होंने कहा कि नालंदा जिले की सभी सात विधानसभा सीटों पर पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी और सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी। इस अवसर पर एनसीपी जिलाध्यक्ष राजकुमार पासवान ने कहा कि जनता वर्तमान जनप्रतिनिधियों से नाराज है और अब विकल्प के रूप में एनसीपी को देख रही है।

इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महासचिव मनोज कुमार सिन्हा, प्रदेश सचिव-सह-नालंदा प्रभारी जितेंद्र कुमार शुक्ला व जिलाध्यक्ष राजकुमार पासवान आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम में जिले भर से कार्यकर्ता और समर्थक जुटे थे, जिससे माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!