SIR की बैठक में बोले डीएम: पूरी तरह पारदर्शी रहे मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया

-पंचमुखी न्यूज़-
बिहारशरीफ डेस्क। नालंदा के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को जिले भर में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2025 के सफल आयोजन हेतु मान्यता प्राप्त सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श हेतु बैठक आयोजित की गई। श्री कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह है कि जिले भर के सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो ताकि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके, कोई भी पात्र मतदाता न छूटे और मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहे।

उन्होंने कहा कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर निर्वाचकों को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया जा रहा है तथा निर्वाचको से गणना प्रपत्र एवं दस्तावेज प्राप्त कर बीएलओ एप पर अपलोड किया जा रहा है।
इच्छुक मतदाता स्वयं भी गणना प्रपत्र ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं तथा भरा हुआ प्रपत्र और दस्तावेज भी ऑनलाइन (https:// voters.eci.gov.in) पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं। वृद्ध, बीमार, दिव्यांगजन तथा अन्य वंचित वर्ग के निर्वाचकों को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से बीएलओ के साथ अन्य सरकारी कर्मी एवं स्वयं सेवकों की तैनाती संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा की गई है। जिनका गणना प्रपत्र डीजीटाईज नहीं हुआ है, वैसे सभी निर्वाचकों की मुद्रित प्रति विधानसभा वार एवं मतदान केंद्र वार सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई गई, ताकि छुटे हुए निर्वाचक अपना गणना प्रपत्र स्वयं अथवा बीएलओ के माध्यम से शीघ्र जमा कर सके ।

उन्होंने कहा कि सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल जिनके द्वारा बी एल ए की नियुक्ति नहीं की गई है, वे आज ही मतदान केंद्र वार बी एल ए की नियुक्ति करते हुए, इसकी सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि बी एल ए की सक्रिय भागीदारी से यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि यदि कोई विसंगतियां या त्रुटियां हैं तो उसका समाधान तैयारी के प्रारंभिक चरण में ही कर लिया जाए , जिससे दावे, आपत्तियां और अपीलों की संख्या में कमी लाई जा सके, मतदाता और राजनीतिक दल दोनों ही किसी भी निर्वाचन प्रक्रिया के सबसे महत्वपूर्ण भागीदार होते हैं और केवल उनकी पूर्ण भागीदारी से ही इस प्रकार की महत्वपूर्ण और व्यापक प्रक्रिया को सफलता एवं सुचारु रूप से संपन्न किया जा सकता है।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि मृत/ स्थाई रूप से स्थानांतरित तथा दोहरी प्रविष्टि वाले निर्वाचकों की पहचान हेतु राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बी एल ए के सहयोग से पारदर्शी तरीके से कार्य संपन्न किया जा सके। इस अवसर पर नगर आयुक्त, प्रशिक्षु समाहर्ता,अपर समाहर्ता आपदा, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल यथा आम आदमी पार्टी, बहुजन समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया, इंडियन नेशनल कांग्रेस, जनता दल यूनाइटेड, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के प्रतिनिधि गण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!