“मॉब लिंचिंग में अतहर की हत्या, कांग्रेस में सियासी भूचाल! 98% वोट के बाद भी चुप्पी क्यों?”— ओमैर खान पर भड़के कांग्रेस लीगल सेल अध्यक्ष सरफराज मल्लिक

बिहारशरीफ डेस्क। बिहारशरीफ के गगनदीवान मुहल्ले के मो. अतहर हुसैन की जघन्य हत्या से जिले में आक्रोश है। नवादा जिले के रोह थाना अंतर्गत भट्ठा गांव में अतहर हुसैन को मॉब लिंचिंग का शिकार बनाया गया। घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस बीच नालंदा जिला कांग्रेस लीगल सेल के अध्यक्ष मो. सरफराज मल्लिक ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने हत्या की तीखी निंदा की। साथ ही बिहारशरीफ से विधानसभा चुनाव लड़ चुके कांग्रेस प्रत्याशी ओमैर खान के रवैये पर गहरा क्षोभ जताया।

सरफराज मल्लिक ने साफ कहा— अब तक ओमैर खान न तो मृतक के घर गए हैं, न ही कांग्रेस का कोई प्रतिनिधि मंडल पीड़ित परिवार से मिला है। उन्होंने कहा कि बिहारशरीफ के 98 फीसदी मुस्लिम मतदाताओं ने ओमैर खान को वोट दिया। इसके बावजूद मृतक अतहर हुसैन के घर न जाना अति निंदनीय है। बेहद शर्मनाक है। और भी चौंकाने वाली बात यह है कि अब तक नालंदा कांग्रेस की ओर से कोई प्रतिनिधि मंडल पीड़ित परिवार के आंसू पोंछने नहीं पहुंचा।

सरफराज मल्लिक ने इस चुप्पी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि पार्टी को तुरंत पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए। अंत में उन्होंने प्रशासन से मांग की—हत्यारों को अविलंब गिरफ्तार किया जाए। दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!