- डॉ अरुण कुमार मयंक-
पटना स्टेट ब्यूरो। बिहार विधानसभा चुनाव में विपक्ष के “बीमार”, “थक गए” जैसे तंजों का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गजब के अंदाज़ में जवाब दिया है। उन्होंने अपनी ताबड़तोड़ चुनावी मैराथन से हर आलोचक की बोलती बंद कर दी है। नीतीश कुमार ने कुल 84 जनसभाएं कर दी हैं। इनमें 11 सड़क मार्ग से और 73 हवाई मार्ग से रैलियां शामिल हैं। लगभग 1000 किलोमीटर सड़क यात्रा कर 8 विधानसभा क्षेत्रों में जनता से सीधा संवाद किया है। जहां विपक्ष सवाल उठा रहा था- वहीं नीतीश मैदान में न सिर्फ उतरे, बल्कि पूरे दमखम के साथ दौड़ते हुए नजर आए।
रोहतास में जबरदस्त जोड़…जनता का अपार प्यार:
रविवार को गढ़ नोखा (रोहतास) में भीड़ उमड़ पड़ी। नीतीश ने जनसमर्थन के लिए जनता का आभार जताया। उन्होंने एनडीए समर्थित जद(यू) प्रत्याशी नागेन्द्र चंद्रवंशी के समर्थन में वोट मांगे। कहा- “बिहार की विकास यात्रा रुकने वाली नहीं…जनता फिर एनडीए के साथ खड़ी है।”
नवीनगर–औरंगाबाद में भी गरजे मुख्यमंत्री:
नवीनगर और औरंगाबाद की रैलियों में नीतीश ने साफ कहा- “बिहार में डबल इंजन की सरकार बनना तय है।” उन्होंने मोदी-नीतीश जोड़ी पर जनता के भरोसे को अटल बताया। बड़ी भीड़ ने उनकी बातों पर मुहर लगा दी।
चैनपुर और रामगढ़ में किया विकास का वादा:
चैनपुर के हाटा में विशाल भीड़ को संबोधित किया। जद(यू) के मो. जमा खान और भाजपा के रामगढ़ प्रत्याशी अशोक कुमार सिंह के समर्थन में वोट की अपील की। कहा- “एनडीए की सरकार आते ही विकास की रफ्तार और तेज होगी…युवा, महिला, किसान- सभी की तरक्की को प्राथमिकता मिलेगी।”
चुनावी रण अंतिम:
दूसरे चरण का चुनाव प्रचार रविवार शाम 6 बजे थम गया। इस चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर वोटिंग होगी। 1302 उम्मीदवार मैदान में- 1165 पुरुष, 136 महिलाएं, 1 थर्ड जेंडर। हर बूथ पर औसतन 815 मतदाता वोट डालेंगे।
