
- पंचमुखी न्यूज़ –
बिहारशरीफ डेस्क। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से नालंदा जिले में कुल 32 पंचायत सरकार भवनों का उद्घाटन किया। इनमें एलएईओ विभाग द्वारा निर्मित 14, भवन निर्माण विभाग द्वारा निर्मित 16 और ग्राम पंचायतों द्वारा निर्मित 2 भवन शामिल हैं। इसके अलावा बिन्द प्रखंड के ताजनीपुर व जेहाना पंचायतों समेत 16 नए पंचायत सरकार भवन का शिलान्यास किया गया। सरकारी प्रपत्र के आलोक में पंचायत सरकार भवन के लिए भूमि दान करने वाले बिन्द के ताजनीपुर पैक्स अध्यक्ष सतीश कुमार ने उत्सवी माहौल में विधिवत पूजा-पाठ कर निर्माण स्थल पर शिलान्यास किया। इस मौके पर बिन्द के बीडीओ मो जफरुद्दीन, स्थानीय प्रमुख टुन्नू देवी व स्थानीय मुखिया प्रतिमा कुमारी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि बिन्द के समाजसेवी ताजनीपुर के पैक्स अध्यक्ष सतीश कुमार ने इस पंचायत भवन के लिए भूमि दान में दी है। इनके पिता तत्कालीन मुखिया शिवनंदन प्रसाद के जीवन काल में ही पंचायत भवन बनना था। यह कतिपय तकनीकी कारणों से नहीं बन सका। दिवंगत मुखिया पिता की इच्छा थी कि ताजनीपुर ग्राम पंचायत में जब भी पंचायत भवन बने, ताजनीपुर गाँव में ही बने। इनकी इच्छा का पूरा-पूरा सम्मान पैक्स अध्यक्ष सतीश कुमार ने किया। उन्होंने इसी वर्ष 20 जून 2025 को पंचायत सरकार भवन के लिए बाकायदा ताजनीपुर मौजा में 38.3 डिसमिल जमीन रजिस्ट्री कर दी। बाकायदा यह रजिस्ट्री बिहार के राज्यपाल के नाम से की गई है। इस की चर्चा ताजनीपुर में ही नहीं, पूरे बिन्द प्रखंड में हो रही है। लोगों का कहना है कि आज के आर्थिक युग में ऐसे पुत्र बिरले ही पाए जाते है, जो पिता की इच्छा का सम्मान काने के लिए 38.3 डिसमिल भूमि सार्वजनिक कार्यों के लिए दान में दे दे।
ताजनीपुर गांव के लोग बुधवार की सुबह से ही निर्दिष्ट स्थल पर पंचायत भवन के शिलान्यास के लिए जुटने लगे। किसी ने फ्लेक्स बैनर लगाए तो किसी ने पूजा सामग्री जुटाए। किसी ने पंडित को पूजा के लिए बुलाया, तो किसी ने जमीन दानकर्ता पैक्स अध्यक्ष को टाइम पर आने के लिए आग्रह किया। लोगों को इंतज़ार था उस शुभ पल का, जब शिलान्यास किया जाना था। उमस वाली धूप के बावजूद सभी लोग पहुंच चुके थे। सब कुछ अपने निर्दिष्ट के अनुसार हो गया। सिर्फ बीडीओ अपने साहबी अंदाज़ में देर से पहुंचे। शिलान्यास पूजा के बाद लोगों के बीच मिठाइयां भी बांटी गई। इस अवसर पर ताजनीपुर के पंचायत समिति सदस्य राजू कुमार, वार्ड सदस्य प्रमोद तांती, संतोष राम, रामईश्वर प्रसाद, अवध भूषण, रविंद्र प्रसाद, शैलेन्द्र प्रसाद, सर्वेश कुमार व भगवान पासवान आदि उपस्थित थे।
