
- एक्सक्लूसिव इंटरव्यू –
पटना स्टेट डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल कभी भी बज सकता है। ऐसे में तमाम राजनीतिक दलों की तैयारियां जोरों पर है। आरजेडी ने अति पिछड़ा कार्ड खेलते हुए पिछले दिनों मंगनी लाल मंडल को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। इसके साथ ही पार्टी को भरोसा है कि इस बार तेजस्वी यादव की अगुवाई में महागठबंधन की सरकार जरूर बनेगी। लेकिन तेजस्वी की सीएम उम्मीदवारी पर कांग्रेस ने रोड़ा अटका रखा है। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने “पंचमुखी न्यूज़” से खास बातचीत में दावा किया है कि तेजस्वी ही अगला मुख्यमंत्री बनेंगे।
महागठबंधन की तैयारी: आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि विधानसभा चुनाव की तैयारी में इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल पूरी तैयारी के साथ जुटे हुए हैं। अभी गांव में यात्रा हुई है। जिला स्तर पर सभा हुई है और पदयात्रा भी हुई है। तेजस्वी यादव अलग यात्रा पर निकले थे। गठबंधन के सभी घटक दलों के द्वारा यह निरंतर चल रहा है। बिहार में 20 वर्षों से नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार चल रही है, जनता ऊब चुकी है। लोगों के मन में बेचैनी है कि यह सरकार अब हटे कि तब हटे।
‘नीतीश ने अति पिछड़ा को छला’: मंगनी लाल मंडल ने कहा कि पिछले 20 वर्षों से नीतीश कुमार अति पिछड़ा समाज को अपना बंधुआ मजदूर समझ रहे थे। अपने शासनकाल में अति पिछड़ा वर्ग का नेतृत्व नहीं बनने दिया। संघर्ष करने नेता बनने की जो धारा थी, उसे नीतीश कुमार ने समाप्त कर दिया। अति पिछड़ा समाज को आगे नहीं बढ़ने देने के लिए प्रपंच रचा, वह खुद पिछड़ा समाज से नहीं आते हैं फिर भी वह इस समाज के नेता बने हुए हैं। राम मनोहर लोहिया ने कहा था कि वर्ग और वर्ण दो ऐसी चीज है, जो शोषण के प्रतीक हैं। इसे समाप्त करने की जरूरत है।
नीतीश के कोर वोट बैंक पर नजर: मंगनी लाल मंडल ने स्वीकार किया कि अति पिछड़ा वर्ग नीतीश कुमार का कोर वोट बैंक हुआ करता था। अति पिछड़ा समाज की महिलाएं भी उनको वोट देती थी। लेकिन स्थिति ऐसी आ गई है कि यदि उनका महिला कोर वोट बैंक है तो उन्हें ₹10000 देने पड़ रहे हैं।
किस मद से दिए 10 हजार?: आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि तेजस्वी यादव ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन 1500 रुपये प्रति महीने देने की बात कही थी। यह पहले 400 मिलती थी लेकिन अब सरकार ₹1100 महीना पेंशन दे रही है। 1100 रुपये महीने जो सरकार दे रही है, उसे कैबिनेट की मंजूरी नहीं मिली है। वहीं 10000 महिलाओं को दिया गया है वह किस मद से दिया गया है, यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। योजना पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि 10000 से कौन सा व्यवसाय शुरू होगा? नीतीश कुमार ने अति पिछड़ा वर्ग को ठगने का काम किया। इस तरीके से अब महिलाओं को ठगने का काम किया जा रहा है।
