
– पंचमुखी न्यूज़ –
बिहारशरीफ डेस्क। बिहार प्रदेश कांग्रेस विधि व मानवाधिकार विभाग के उपाध्यक्ष सुनील कुमार सिन्हा ने पार्टी के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा को सूबे की सियासत में सुपर हिट इवेंट बताया है तथा दावा किया है कि आसन्न विधानसभा चुनाव में यह गेम चेंजर साबित होगी। श्री सिन्हा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम से मिल कर लौटने के बाद आज यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने राहुल गांधी को आधुनिक भारत के सबसे बड़े जन नायक की संज्ञा दी है तथा कहा है कि इनके नेतृत्व में कांग्रेस निरंतर सशक्त हो रही है। केन्द्र की मोदी सरकार की चूलें हिल रही हैं।
कांग्रेस नेता ने प्रदेश की नीतीश सरकार पर भी जम कर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में हर तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है तथा किसी भी सरकारी कार्यालय में बिना रिश्वत दिए कोई काम नहीं हो रहा है। नीतीश सरकार अधिकांश मोर्चे पर विफल साबित हुई है। चारों तरफ हाहाकार मचा हुआ है। कहीं कोई जनता को देखने-सुनने वाला नहीं है।
सुनील सिन्हा ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र हरनौत की हालत भी बदतर है। यहां के दर्जनों किसान रोज उनसे संपर्क कर रहे हैं तथा बता रहे हैं कि अंचल कार्यालय का चक्कर लगाते-लगाते तक गये हैं। उनके खेतों की रसीद नहीं कट रही है। किसान बुरी तरह परेशान हैं और मजदूर रोजी-रोटी की तलाश में अन्यत्र पलायन कर रहे हैं। ऐसे में राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा गेम चेंजर साबित हो रही है।
