दिल्ली में कांग्रेस नेताओं की बैठक के बाद बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने हर घर अधिकार यात्रा की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि बिहार का मुख्यमंत्री कौन होगा यह जनता तय करेगी। पप्पू यादव ने भी तेजस्वी यादव की मुख्यमंत्री उम्मीदवारी पर सवाल उठाया और कांग्रेस के लिए गुणवत्ता वाली सीटों की मांग की।
– पंचमुखी न्यूज –
पटना न्यूज डेस्क। दिल्ली में कांग्रेस के नेताओं की दो दिनों की बैठक के बाद बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने कहा कि, हम फिर से जनता के बीच हर घर अधिकार यात्रा लेकर जाएंगे। जनता ही तय करेगी कि कौन बनेगा बिहार का मुख्यमंत्री। आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले राहुल गांधी भी महागठबंधन में सीएम फेस के सवाल को टाल गए थे। जबकि राजद और मुकेश सहनी तेजस्वी यादव को सीएम फेस बता चुके है।
वहीं सीट शेयरिंग के सवाल पर अल्लावरू ने कहा कि, हम मानते हैं कि गठबंधन में नए साथी आएंगे तो सभी को कंप्रोमाइज करना होगा, तभी नए साथी को मौका मिलेगा। हर प्रदेश में अच्छी और खराब सीटें होती हैं। सीट शेयरिंग समय पर कर ली जाएगी। साथ ही कहा कि मैनिफेस्टो महागठबंधन जारी करेगा कांग्रेस अलग से कोई मैनिफेस्टो नहीं जारी करेगा। महागठबंधन मैनिफेस्टो को लेकर हर घर अधिकार यात्रा निकालेंगा। साथ सीएम फेस की भी घोषणा जनता ही करेगी।
