बिहारशरीफ कोर्ट में राहुल गांधी व तेजस्वी यादव के विरुद्ध परिवाद पत्र दायर किया गया है। इसमें पीएम नरेंद्र मोदी पर विवादित बयान देने व मानहानि करने का आरोप लगाया गया है। यह आरोप अधिवक्ता राजकिशोर प्रसाद ने दायर मुकदमा में लगाया है।
– डॉ अरुण कुमार मयंक –
बिहारशरीफ डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित विवादित बयान को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष नेता तेजस्वी यादव के खिलाफ परिवाद पत्र दाखिल किया गया है। यह मामला बिहारशरीफ सिविल कोर्ट के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) कुलदीप की अदालत में दर्ज हुआ है। बुधवार को दाखिल इस परिवाद पत्र में दोनों नेताओं के साथ करीब 100 समर्थकों को आरोपी बनाया गया है। यह शिकायत बिहारशरीफ सिविल कोर्ट के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में एक वकील ने दायर की है।
मामले की सुनवाई 9 सितंबर को:
यह परिवाद पत्र अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता राज किशोर प्रसाद ने दाखिल किया है। मामले की सुनवाई 9 सितंबर को होगी। परिवादी की ओर से अधिवक्ता अरुण कुमार और रामाशीष प्रसाद ने बताया कि 28 अगस्त 2025 को दरभंगा में आयोजित मतदाता अधिकार यात्रा के दौरान राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विवादित और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया।
उन्होंने बताया कि उन दोनों आरोपितों का बयान एक सोची-समझी साजिश था। जनता को भ्रमित करने का षड्यंत्र रचा गया। इससे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि को ठेस लगा। उन्होंने आरोपितों पर अपराधिक षड्यंत्र रचने व मानहानि समेत अन्य धाराओं में मुकदमा किया है। साथ ही, कोर्ट से प्रार्थना की गयी है कि दोनों आरोपितों के विरुद्ध संज्ञान लेते हुए कानूनी कार्रवाई की जाए। हालांकि, आरोप पत्र में पीएम मोदी की मां की चर्चा कहीं नहीं की गयी है।
