राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा नालंदा पहुंची। यहां कार्यकर्ताओं और जनता ने फूल-मालाओं, नारों और ढोल-नगाड़ों से उनका भव्य स्वागत किया। सैदपुर गांव में उमड़ी भीड़ ने कांग्रेस को नया उत्साह दिया। स्थानीय नेताओं ने इसे लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की रक्षा का अभियान बताया। अधिकार यात्रा ने ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं को जागरूक किया।

– पंचमुखी न्यूज़ –
पटना न्यूज़ डेस्क। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा आज नालंदा पहुंची। यहां उनका कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने भव्य स्वागत किया। जिले के कोने-कोने से उमड़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी का झंडा लिए “राहुल गांधी जिंदाबाद” और “कांग्रेस पार्टी की जय” आदि गगनभेदी नारे लगाए।
राहुल गांधी का हुआ भव्य स्वागत:-
गिरियक प्रखंड के सैदपुर गांव में जैसे ही राहुल गांधी पहुंचे, स्वागत करने वालों की भीड़ उमड़ पड़ी। गांव की गालियां, चौक-चौराहे और सड़कों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जनसैलाब उमड़ आया। जिलाध्यक्ष नरेश प्रसाद अकेला के नेतृत्व में हजारों की संख्या में जुटी भीड़ ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ राहुल गांधी का अभिनंदन किया।
कांग्रेस नेताओं ने क्या कहा?
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी विधि व मानवाधिकार विभाग के उपाध्यक्ष सुनील कुमार सिन्हा ने मौके पर कहा, “राहुल गांधी की यह यात्रा जनता के अधिकारों और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई है। गांव-गांव, गली-गली जाकर यह संदेश दिया जा रहा है कि हर नागरिक का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है। नालंदा की जनता जिस उत्साह से इस यात्रा में शामिल हो रही है, वह इस बात का प्रमाण है कि लोग बदलाव चाहते हैं।” कांग्रेस किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव कुमार मुन्ना ने कहा कि राहुल गाँधी के इस यात्रा से बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलायें, युवा और किसान जुड़ रहे हैं। यह अभियान लोगों को जागरूक कर रहा है कि वोट देना सिर्फ अधिकार ही नहीं बल्कि जिम्मेदारी भी है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नरेश प्रसाद अकेला ने कहा कि सरकार ने वोट का अधिकार समाप्त करने के लिए साजिश की है। राहुल जी की वोट अधिकार यात्रा से इस साजिश का पर्दाफाश हो गया है। बिहार की जनता आगामी चुनाव में इस सरकार को उखाड़ फेंकेगी और महागठबंधन की सरकार बनाएगी।
कार्यकर्ताओं ने क्या कहा ?
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि राहुल गांधी के नालंदा आगमन से संगठन में नई ऊर्जा और जोश का संचार हुआ है। यह यात्रा आने वाले दिनों में जनता की आवाज को और बुलंद करेगी तथा लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी। नालंदा की धरती ने एक बार फिर राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा को अपार जनसमर्थन देकर कांग्रेस पार्टी को नई मजबूती दी है।
नालंदा के सीमावर्ती खर्राट मोड़ पर दोपहर से ही हजारों की भीड़ जुटी थी। कांग्रेस के अलावा राजद, भाकपा, भाकपा (माले) व वीआईपी पार्टी के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद थे। कड़ी धूप और बारिश में भी कार्यकर्ता अपने नेता की एक झलक देखने के लिए टिके रहे। हालांकि, राहुल गांधी वाहन से बाहर आए बिना मुस्कुराकर हाथ हिलाते हुए समर्थकों का अभिवादन किया और काफिला बरबीघा की ओर रवाना हो गया। कार्यक्रम को अपूर्व बनाने में प्रदेश प्रतिनिधि हैदर आलम, अनील सिंह, रमेश कुमार, विवेक सिन्हा, अजीत कुमार, असगर भारती, दिलीप मंडल, किशोर कुमार, अखिलेश्वर कुशवाहा, संजय कुमार पासवान, अनामिका पासवान, फरहत जबीं, मंजू देवी व संजू पांडेय आदि नेताओं की भूमिका विशेष रूप से उल्लेखनीय है।
