बिहार के नवादा जिले में वोटर अधिकार यात्रा के क्रम में भाजपा नेताओं ने काला कपड़ा फेंका, हिसुआ पुलिस थाने से “राहुल गांधी मुर्दाबाद” के नारे लगाए। राहुल ने गाड़ी रुकवाकर उन्हें थम्स-अप किया, फिर हाथ हिलाकर मुस्कुराते हुए आगे चल दिए।

– पंचमुखी स्पेशल –
नवादा डेस्क। बिहार का सियासी पारा इस समय चढ़ा हुआ है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ‘वोट अधिकार यात्रा’ पर हैं। इस बीच नवादा के हिसुआ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी के पोस्टर विवाद को लेकर हिसुआ विधायक नीतु कुमारी और पूर्व विधायक अनिल कुमार के बीच तीखी नोकझोंक हुई है। ये नोकझोंक इतनी बढ़ गई कि पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा। पुलिस ने बीजेपी समर्थकों को हिरासत में ले लिया, तो इसके विरोध में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने ‘राहुल गांधी मुर्दाबाद’ के नारे लगाए।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान बिहार के नवादा जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने हंगामा कर दिया। हिसुआ में यात्रा के रास्ते पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर पर कांग्रेस विधायक नीतू कुमारी का पोस्टर लगाए जाने से भाजपा नेता भड़क गए। पूर्व भाजपा विधायक अनिल सिंह अपने समर्थकों संग धरने पर बैठ गए। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर थाने में भेज दिया। जब राहुल गांधी का काफिला वहां से गुजरा तो थाने के अंदर से ही भाजपा समर्थक राहुल गांधी मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे। इस दौरान राहुल भी थाने के आगे कुछ देर रुके। उन्होंने नारेबाजी कर रहे बीजेपी के नेताओं को अंगूठा दिखाया और फिर मुस्कुराकर आगे बढ़ गए।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के नेता बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले एसआईआर (वोटर लिस्ट रिवीजन) के मुद्दे पर मतदाता अधिकार यात्रा निकाल रहे हैं। यात्रा के तीसरे दिन गयाजी जिले के वजीरगंज से सुबह करीब 10 बजे राहुल गांधी का काफिला नवादा जिले में प्रवेश कर गया।

इससे पहले हिसुआ में पीएम मोदी के पोस्टर पर कांग्रेस विधायक का पोस्टर चिपकाए जाने का पूर्व विधायक अनिल सिंह के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने विरोध किया। हंगामा होता देख एसपी समेत अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। भाजपा नेता धरने पर बैठ गए। राहुल गांधी का काफिला यहां से गुजरने वाला था। अधिकारियों ने भाजपा नेताओं से समझाइश की, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर थाने में ले जाया गया।
करीब 10 बजकर 34 मिनट पर राहुल गांधी का काफिला हिसुआ थाने के आगे से गुजरा। थाना परिसर में मौजूद अनिल सिंह और अन्य भाजपा कार्यकर्ता राहुल गांधी मुर्दाबाद और नरेंद्र मोदी एवं नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। यह देख राहुल का काफिला वहां रुक गया। राहुल गांधी ने नारेबाजी कर रहे भाजपा नेताओं को थम्स-अप और हाथ हिलाकर अभिवादन किया। फिर मुस्कुराते हुए आगे बढ़ गए। थाना के सामने उनकी गाड़ी लगभग आधा मिनट रुकी।
