- पंचमुखी न्यूज़ –
पटना डेस्क। बिहार के जहानाबाद में NEET पेपर लीक का विरोध अचानक हिंसक जंग में बदल गया। प्रदर्शनकारियों ने डीएम आवास पर पथराव कर दिया, जवाब में पुलिस ने 20 से 30 राउंड फायरिंग कर भीड़ को तितर-बितर किया। शहर में अफरा-तफरी, सड़कें जाम, भारी पुलिस बल तैनात और पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। आखिर छात्रों का गुस्सा क्यों फूटा और पुलिस को गोली चलाने की नौबत कैसे आई? जानिए इस बवाल की पूरी कहानी।
बिहार के जहानाबाद में NEET पेपर लीक की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन गुरुवार शाम हिंसक हो गया। प्रदर्शनकारी डीएम आवास का घेराव करने पहुंचे, जहां कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो हालात और बिगड़ गए। पुलिस का आरोप है कि उस पर ईंट-पत्थरों से हमला किया गया, जिसके बाद पहले लाठीचार्ज और फिर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 20 से 30 राउंड फायरिंग करनी पड़ी।
पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के अनुसार, प्रदर्शनकारियों की संख्या अधिक थी और मौके पर पुलिस बल कम होने के कारण आत्मरक्षा और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए फायरिंग की गई। फायरिंग के बाद प्रदर्शनकारी जहानाबाद-अरवल सीमा की ओर पहुंच गए और वहां भी विरोध जारी रखा।
दूसरी ओर, छात्रों का दावा है कि वे शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने बिना वजह बल प्रयोग किया। उनका कहना है कि NEET पेपर लीक जैसी घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित होता है, इसलिए वे परीक्षा प्रणाली में सुधार और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन तनाव बना हुआ है। पथराव और हंगामे की जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है।
