
- पंचमुखी न्यूज़ | शिरडी/पटना –
बिहार की राजनीति में पिछले 25 दिनों से सबसे बड़ा सवाल यही था— आखिर नीतीश कुमार ने अचानक मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा क्यों दिया? विपक्ष से लेकर राजनीतिक गलियारों तक तमाम तरह की चर्चाएं चल रही थीं। कोई कह रहा था कि वे राज्यसभा जाना चाहते हैं, तो कोई इसे सत्ता के अंदरूनी समीकरणों से जोड़ रहा था। लेकिन अब खुद बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने इस रहस्य से पर्दा उठा दिया है।
महाराष्ट्र के शिरडी पहुंचे विजय कुमार चौधरी ने शनिवार को बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने खुद फैसला लिया कि अब बिहार की कमान नई पीढ़ी को सौंपने का समय आ गया है। उन्होंने साफ कहा कि बीजेपी शुरू से नीतीश कुमार के नेतृत्व के साथ खड़ी रही और इसी भरोसे के आधार पर नीतीश कुमार ने एनडीए के युवा चेहरे सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाने का निर्णय लिया।
“अब युवा चलाएंगे बिहार” — विजय चौधरी का बड़ा बयान:
शिरडी में साईं बाबा के दर्शन के बाद मीडिया से बात करते हुए विजय कुमार चौधरी ने कहा—
“नीतीश कुमार करीब 20 वर्षों तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने राज्य में विकास की नई इबारत लिखी। अब उन्होंने सोचा कि अगली पीढ़ी को काम करने का मौका मिलना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा—“बीजेपी शुरू से ही नीतीश कुमार के नेतृत्व का समर्थन करती रही है। इसलिए नीतीश कुमार ने तय किया कि बीजेपी के किसी ऐसे युवा नेता को मुख्यमंत्री बनाया जाए जो पिछले 20 सालों से उनके साथ काम कर रहा है। इसी वजह से उन्होंने इस्तीफा दिया और सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने।” इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है।
शिरडी में साईं दरबार पहुंचे विजय चौधरी, परिवार संग की पूजा-अर्चना:
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी शनिवार को पूरे परिवार के साथ महाराष्ट्र के प्रसिद्ध शिरडी साईं मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और राज्य की खुशहाली की कामना की। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बिहार की राजनीति से जुड़े कई बड़े मुद्दों पर खुलकर जवाब दिया।
“6 महीने तक मनाया गया…” निशांत कुमार की एंट्री पर बड़ा खुलासा:
विजय चौधरी ने पहली बार खुलासा किया कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को राजनीति में लाने के लिए जेडीयू नेताओं को करीब 6 महीने तक प्रयास करना पड़ा। उन्होंने कहा— “हमारी पार्टी के सभी नेता चाहते थे कि निशांत राजनीति में आएं और संगठन संभालें। सभी कार्यकर्ताओं का उन पर भरोसा है। निशांत और नीतीश कुमार को मनाने में करीब छह महीने लगे।” उन्होंने यह भी कहा कि निशांत कुमार को हेल्थ मिनिस्टर इसलिए बनाया गया क्योंकि वे बेहतर काम करने की क्षमता रखते हैं।
“बिहार में पहले भी NDA… आज भी NDA” — विपक्ष को चेतावनी
विपक्षी दलों के लगातार हमलों पर पलटवार करते हुए विजय चौधरी ने साफ कहा कि बिहार में सत्ता बदली नहीं है, सिर्फ नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। उन्होंने कहा— “बिहार में पहले भी एनडीए की सरकार थी और आज भी एनडीए की ही सरकार है। जिस तरह नीतीश कुमार ने काम किया, उसी तरह यह सरकार भी जनता के हित में काम करेगी।” उन्होंने दावा किया कि आने वाले कई वर्षों तक बिहार में एनडीए की सरकार बनी रहेगी।
तेजस्वी यादव पर पलटवार-“परिवारवाद की बात करने वालों को आईना देखना चाहिए”
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार बीजेपी और जेडीयू पर परिवारवाद का आरोप लगा रहे हैं। इस पर विजय चौधरी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा—“लालू यादव खुद अपने बेटे-बेटियों को राजनीति में लेकर आए। जहां तक निशांत कुमार की बात है, उन्हें राजनीति में लाने की मांग हम जैसे कार्यकर्ताओं ने की थी।” उन्होंने कहा कि निशांत कुमार कार्यकर्ताओं की इच्छा पर राजनीति में आए हैं, किसी पारिवारिक दबाव में नहीं।
बिहार की राजनीति में बड़ा संकेत! क्या नीतीश अब राष्ट्रीय राजनीति की तैयारी में?
विजय चौधरी के बयान के बाद राजनीतिक विश्लेषकों के बीच नई चर्चा शुरू हो गई है। सवाल उठ रहा है कि क्या नीतीश कुमार अब राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी भूमिका निभाने की तैयारी कर रहे हैं? क्या बिहार की सत्ता युवा नेतृत्व को सौंपकर वे नई रणनीति बना रहे हैं?
फिलहाल इतना तय है कि 25 दिनों से चल रही अटकलों पर विजय चौधरी ने बड़ा राजनीतिक ‘सस्पेंस’ खत्म कर दिया है।
