- पंचमुखी न्यूज़ –
बिहारशरीफ डेस्क। वीर अब्दुल हमीद विचार मंच के महासचिव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मो. सरफराज मल्लिक ने भारतीय सेना के ऐतिहासिक निर्णय का ज़ोरदार स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने औपनिवेशिक सोच और नामकरण की विरासत से दूरी बनाकर एक साहसिक और राष्ट्रगौरव से भरा कदम उठाया है। देशभर में 246 सड़कों, कॉलोनियों, इमारतों और पार्कों के नाम बदले जाना केवल प्रशासनिक बदलाव नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्वाभिमान की घोषणा है। अब ये स्थान देश के वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों, युद्ध नायकों, और महान सैन्य नेतृत्वकर्ताओं के नाम से जाने जाएंगे।
मो. मल्लिक ने कहा कि यह फैसला आने वाली पीढ़ियों में देशभक्ति, सेवा भावना और राष्ट्रीय गौरव को और मजबूत करेगा। उन्होंने इसे देश के सच्चे नायकों की विरासत को सम्मान देने की ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने विशेष रूप से मथुरा कैंटोनमेंट में न्यू हॉर्न लाइन का नाम बदलकर “अब्दुल हमीद लाइन्स” किए जाने पर हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद के अदम्य साहस और बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि है।
मो. सरफ़राज़ मल्लिक ने इस ऐतिहासिक कदम के लिए भारतीय सेना के समस्त अधिकारियों और जवानों को कोटि-कोटि बधाई दी। उन्होंने कहा—“यह केवल नाम परिवर्तन नहीं, यह भारत की आत्मा और शौर्य का सम्मान है।”
