

- पंचमुखी न्यूज़ –
बिहारशरीफ डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच नालंदा शुक्रवार को राजनीतिक उत्साह से सराबोर दिखा। कांग्रेस प्रत्याशी कौशलेन्द्र कुमार उर्फ छोटे मुखिया के चुनावी कार्यालय का दीपनगर बाजार में भव्य उद्घाटन हुआ। यहां हजारों की भीड़ उमड़ी और “महागठबंधन ज़िंदाबाद” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री कामेश्वर पटेल ने कहा कि जनता अब बदलाव के मूड में है- “14 नवंबर को नतीजे साफ बताएंगे कि NDA की विदाई तय है और बिहार में महागठबंधन की नई सरकार बनेगी।” उन्होंने आगे कहा कि आने वाली सरकार तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बनेगी, जिसमें मुकेश सहनी उपमुख्यमंत्री होंगे और कांग्रेस को भी सम्मानजनक भागीदारी मिलेगी।
कामेश्वर पटेल ने NDA सरकार पर करारा हमला बोलते हुए कहा- “ग्रामीण विकास मंत्री होते हुए भी नालंदा का विकास ठप पड़ा है। मैं खुद इस विभाग का मंत्री रह चुका हूं, जानता हूं कितना बजट आता है, लेकिन यहां सिर्फ भ्रष्टाचार और लूट का खेल हुआ है। अब ऐसे मंत्री की विदाई तय है।” पूर्व मंत्री ने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार, किसानों को सम्मान और गरीबों को राहत देना प्राथमिकता होगी। “तेजस्वी यादव ने साफ कहा है- जो भी गलती करेगा, सजा पाएगा। यह सरकार किसानों, मजदूरों और युवाओं की होगी।” पूर्व मंत्री ने दावा किया कि नालंदा में कोई मुकाबला नहीं है और कौशलेन्द्र कुमार भारी मतों से जीतेंगे।
कार्यक्रम में क्षेत्र के हजारों लोग शामिल हुए, जिससे कौशलेन्द्र कुमार उर्फ छोटे मुखिया के समर्थन में जबर्दस्त उत्साह का माहौल बन गया। महागठबंधन के सभी दलों के स्थानीय नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। सभा स्थल पर भीड़ देखकर कार्यकर्ताओं में जोश था, और सभी का एक ही नारा गूंज रहा था-
“नालंदा बोले इस बार – छोटे मुखिया, जिंदाबाद !”
