बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के पांचवें दिन फिर हादसा हो गया। शेखपुरा में राजद नेता तेजस्वी यादव के रोड शो के दौरान एक वाहन की चपेट में एक सुरक्षाकर्मी आ गया। इससे उसका पैर टूट गया। नवादा में भी दो दिन पूर्व वोटर अधिकार यात्रा के दौरान ऐसा ही हादसा हुआ था।
– पंचमुखी न्यूज़ –
पटना स्टेट डेस्क। बिहार महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान एक बार फिर हादसा हो गया। शेखपुरा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के रोड शो के दौरान एक गाड़ी का टायर एक सुरक्षाकर्मी के पैर पर चढ़ गया। इससे उसका पैर टूट गया। यह हादसा खांडपर मोहल्ले में हुई। घायल सुरक्षाकर्मी एक नेता का बॉडीगार्ड बताया जा रहा है। दो दिन पहले नवादा में भी वोटर अधिकार यात्रा के दौरान हादसा हुआ था। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की थार गाड़ी की टक्कर से एक पुलिसकर्मी का पैर टूट गया था। उस मामले में राहुल के ड्राइवर पर एफआईआर हुई थी।
जानकारी के अनुसार, महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा गुरुवार को सुबह शेखपुरा से शुरू हुई। महागठबंधन के नेताओं ने शहर में चार किलोमीटर लंबा रोड शो किया। इस दौरान भीड़ की आपाधापी में एक सुरक्षाकर्मी वहां चल रही गाड़ी की चपेट में आ गया। घायल अंगरक्षक झारखंड के देवघर के रामप्रवेश सिंह का पुत्र शंभु सिंह है। घायल सुरक्षाकर्मी को इलाज के लिए शेखपुरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां से नालंदा जिले के पावापुरी कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल अंगरक्षक किस नेता के बॉडीगार्ड हैं, यह फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
नवादा में राहुल-तेजस्वी के ड्राइवर पर एफआईआर:
बीते मंगलवार को नवादा में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की थार गाड़ी चला रहे ड्राइवर पर नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई। ड्राइवर पर लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप है। दरअसल, नवादा में महागठबंधन की यात्रा के दौरान थार गाड़ी से एक पुलिसकर्मी को टक्कर लग गई थी। इससे उसका पैर टूट गया था। जब यह हादसा हुआ तब राहुल और तेजस्वी उसी गाड़ी पर मौजूद थे।
