
- पंचमुखी न्यूज़ –
बिहारशरीफ डेस्क। नालंदा जिले के हिलसा स्थित सिटी उत्सव हॉल में सोमवार को इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) का तीसरा प्रखंड सम्मेलन जोश और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। सम्मेलन में पार्टी और जनसंगठनों से जुड़े बड़ी संख्या में नौजवानों और महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में युवाओं ने लोकतांत्रिक अधिकार, सामाजिक न्याय और आरक्षण के सवाल पर जोरदार आवाज बुलंद की।
सम्मेलन में पार्टी के जिला सचिव कामरेड श्रीनिवास शर्मा, इंकलाबी नौजवान सभा के राज्य सचिव व पूर्व विधायक कामरेड शिव प्रकाश राजन, जवाहरलाल यूनिवर्सिटी के पूर्व अध्यक्ष धनंजय कुमार, संगठन के राज्य कार्यालय सचिव विनय कुमार सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी जिला सचिव श्रीनिवास शर्मा ने की। इस मौके पर पर्यवेक्षक और नौजवान संगठन के जिला सचिव शत्रुघन कुमार भी उपस्थित रहे।
युवाओं से संघर्ष तेज करने का आह्वान:
सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि देश और राज्य की मौजूदा परिस्थितियों में युवाओं की भूमिका बेहद अहम हो गई है। लोकतांत्रिक अधिकारों और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करने के लिए युवाओं को आगे आना होगा। वक्ताओं ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग को प्रभावी ढंग से 65 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग जोरदार तरीके से उठाई।
यूजीसी और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर सरकार को घेरा:
कार्यक्रम में वक्ताओं ने यूजीसी और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर सरकार के दोहरे चरित्र की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में बढ़ रहे जातीय भेदभाव और उत्पीड़न की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। वक्ताओं ने तत्काल यूजीसी रेगुलेशन लागू करने की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट द्वारा इस पर लगाए गए रोक की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि समता और सामाजिक न्याय की इस लड़ाई को और तेज किया जाएगा।
18 मार्च को पटना समता महाजुटान में शामिल होने की अपील:
सम्मेलन में उपस्थित युवाओं से 18 मार्च 2026 को पटना में होने वाले समता महाजुटान में भारी संख्या में शामिल होकर सामाजिक न्याय और समानता की लड़ाई को मजबूत करने की अपील की गई।
17 सदस्यीय कमेटी का गठन:
सम्मेलन के दौरान संगठन को मजबूत करने के लिए 17 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया, जिसमें संजय पासवान को अध्यक्ष और ब्रह्मदेव प्रसाद बिंद को सचिव चुना गया।
कई नेताओं ने किया संबोधित:
इस अवसर पर पार्टी प्रखंड सचिव अरुण यादव, नौजवान सभा के जिला अध्यक्ष वीरेश कुमार, दिनेश कुमार यादव, रामदास अकेला, शैलेश यादव, आइलाज के केंद्रीय कमेटी सदस्य अधिवक्ता श्री कृष्णा प्रसाद, कुमार अविनाश समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सम्मेलन को संबोधित किया।
कार्यक्रम का समापन सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ। सम्मेलन के दौरान युवाओं में जबरदस्त उत्साह और संघर्ष के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता देखने को मिली।
